बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां गांव के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों समेत पांच युवक घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दो युवकों को गंभीर हालत में दिल्ली के लिए रेफर किया। एक ही हालत गंभीर बनी हुई है।
सांकरौद गांव में रविवार को मंटूर की बेटी की शादी थी। सोमवार को मोनू पुत्र नसीबुद्दीन, समीर पुत्र शौकत, आबिद पुत्र समेद्दीन निवासी सांकरौद एवं सलमान (13), शाहरुख (12) जुबैर (10) शादी समारोह का सामान ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर दुकान पर उतारने गए थे। सामान उतारकर वे ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर घूमने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चले गए। ट्रैक्टर को मोनू चला रहा था। उन्होंने हाइवे पर तेजी से ट्रैक्टर को दौड़ाया। मवी कलां गांव के पास मोनू ने तेज गति से दौड़ रहे ट्रैक्टर को अचानक मोड़ दिया। मोड़ते समय अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। हादसे में 17 वर्षीय किशोर मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों सहित पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उठाकर जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने मोनू को मृतक घोषित कर दिया। अस्पताल से समीर और आबिद को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया। वहां समीर की हालत चिंताजनक है। वहीं दुघर्टना में मोनू की मौत के बाद परिवार की महिलाओं मेें कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक छाया हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने किशोर के शव का अंतिम संस्कार किया।
मोनू ने दी थी इंटर की परीक्षा
बागपत। मृतक के चाचा हारून ने बताया कि किशोर मोनू ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। वह बीए में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था। उसे नहीं पता था कि एक्सप्रेस-वे पर मौत उसका इंतजार कर रही है। वह बहुत होनहार बच्चा है।
उद्घाटन हुआ नहीं, दौड़ने लगे वाहन
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। अभी तक इसका उद्घाटन भी नहीं हुआ है, लेकिन फिर से एक्सप्रेस-वे पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। को भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। एक्सप्रेस-वे पर बच्चों को ट्रैक्टर-ट्राली लेकर जाने के लिए इजाजत किसने दे दी। एक्सप्रेस-वे पर कार्य कर रहे किसी भी कर्मचारी ने उन्हें रोकने तक का प्रयास नहीं किया।