बागपत। छपरौली के विधायक सहेंद्र सिंह रमाला के भाजपा से नजदीकियों के चलते निष्कासन का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है। अब रालोद प्रदेश महासचिव मांगेराम यादव के बेटे के फोटो भाजपा की नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम को बधाई देते हुए वायरल हुए हैं। सवाल उठाया जा रहा है यदि पिता रालोद में बड़े पद पर हैं तो बेटा भाजपा से नजदीकियां क्यों बढ़ा रहा है। सोशल मीडिया पर पिता-पुत्र के फोटो वायरल हुए हैं।
अमीनगर सराय के चेयरमैन डॉ. मांगेराम यादव को पिछले दिनों ही रालोद में प्रदेश महासचिव बनाया गया है। भाजपा के अनिल मलिक को निकाय चुनाव में हराकर वह दूसरी बार कस्बे के चेयरमैन बने हैं। लंबे समय से वह रालोद से जुड़े हैं। इदरीशपुर गांव में भाईचारा सम्मेलन की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वह सभाओं में भी नजर आने लगे हैं। उधर, रविवार को उनके पुत्र विमल कुमार अमीनगर सराय के भाजपा नेताओं के साथ नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम को बधाई देने के लिए पहुंचे। सोशल मीडिया पर एक तरफ पिता मांगेराम यादव और दूसरी तरफ पुत्र विमल कुमार का फोटो वायरल हुआ। कई सवाल उठाए गए हैं। यहां तक दावा किया गया है कि पिता रालोद में हैं, जबकि बेटा भाजपा से नजदीकियां बढ़ाने में जुटे हैं।
इसलिए नजदीकियों पर खड़े हुए सवाल
बागपत। रालोद के जिलाध्यक्ष रहे ठाकुर प्रदीप सिंह पिछले दिनों भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा से नजदीकियों के चलते छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह रमाला निष्कासित किए । अब यह फोटो वायरल होने से रालोद के एक ओर नेता के बेटे के फोटो भाजपा के खेमे के साथ वायरल होने से सवाल खड़े हो गए हैं।
मेरा किसी भी दल से नाता नहीं : विमल
बागपत। रालोद नेता के बेटे विमल का कहना है कि उनका किसी भी दल से कोई नाता नहीं है। अपने परिचितों के साथ वह राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम को बधाई देने गए थे। उन्हें लगता है कि किसी को कामयाबी पर बधाई देने में गलत भी कुछ नहीं है।
रालोद में हूं, मेरा परिवार राजनीति नहीं करता: यादव
बागपत। अमीनगर सराय के चेयरमैन डॉ. मांगेराम यादव का कहना है कि वह रालोद में हैं और रालोद में ही रहेंगे। उनके परिवार का कोई भी सदस्य किसी भी दल की राजनीति नहीं करता। मेरठ में भाजपा नेता से बेटे की मुलाकात के प्रकरण की जानकारी नहीं है।