बिनौली (बागपत)। क्षेत्र के बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। खंड शिक्षाधिकारी बिनौली, बड़ौत और छपरौली ने विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।
बिनौली खंड विकास क्षेत्र के 93 प्राथमिक विद्यालयों में 9670 तथा 38 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पंजीकृत 2782 बच्चों की कक्षा एक से कक्षा आठ तक की वार्षिक परीक्षा दो पारियों में सम्पन्न हुई। करीब 97 फीसदी बच्चों ने परीक्षा दी। उधर छपरौली ब्लाक के 64 प्राथमिक व 22 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पंजीकृत 7672, बड़ौत नगर के 13 प्राथमिक विद्यालयों में पंजीकृत 1108 तथा बड़ौत ब्लाक के 123 विद्यालयों में पंजीकृत 11499 छात्र छात्राओं में से 98 फीसदी बच्चों ने परीक्षा दी। खंड शिक्षाधिकारी बिनौली सतीश शर्मा व खंड शिक्षाधिकारी बड़ौत व छपरौली विनोद वर्मा ने दर्जनों विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।