सामूहिक विवाह योजना का लाभ उठाएं गरीब
बड़ौत (बागपत)। असारा में अल्पसंख्यक अधिकार परिषद की बैठक हुई। इसमें सामूहिक विवाह योजना में गरीब परिवार की बेटी की शादी कराने के बारे में जानकारी दी और ऐसे परिवारों को इसका लाभ उठाने को कहा।
बैठक में परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद युुसुफ चौधरी ने कहा कि जो परिवार बेटी की शादी का बोझ नहीं उठा सकते, उनके लिए समाज कल्याण विभाग ने नौ फरवरी तक आवेदन मांगे हैं। इन परिवारों की बेटी की सामूहिक विवाह योजना में शादी कराई जाएगी। समाज कल्याण विभाग में नौ फरवरी तक आवेदन मांगे जा रहे हैं। जिन लड़कियों की अब से तीन माह तक शादी हो चुकी हो या भविष्य में शादी की तारीख तय हो चुकी हो, ऐसी लड़कियों की शादी के आवेदन आमंत्रित हैं। आधार कार्ड, फोटो, शादी कार्ड, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता आवेदन के साथ अनिवार्य है। हर धर्म, जाति और हर वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकते हैं। हर बेटी की शादी में 35 हजार रुपये की धनराशि सरकार की तरफ से दी जाती है। प्रदेश सचिव कारी तारीफ फलाही ने कहा कि सरकार की अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं के तहत हम अल्पसंख्यक समाज को लाभ उठाना चाहिए। शिक्षा, बेरोजगार, स्वास्थ्य, स्वच्छता, साक्षरता आदि की ओर से पिछड़ेपन को दूर कर सकते हैं। अध्यक्षता चौधरी इलियास ने की। संचालन मोहम्मद इमरान ने किया। इसमें मोहम्मद जावेद, उमरद्दीन, मोहम्मद राशिद, अफसरून, डॉ. सलीम अहमद, कल्लू चौधरी आदि मौजूद रहे।