वार्षिकोत्सव में मेधावी सम्मानित
बिनौली (बागपत)। धनौरा सिल्वरनगर के इंटरमीडिएट कालेज में चल रहा वार्षिकोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही मेधावियों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी वेदप्रकाश पांचाल और पूर्व राज्यमंत्री साहब सिंह ने सरस्वती के समक्ष दीप जलाकर किया।
छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, जलवा जलवा, मां तुझे सलाम, म्हारो ढोलना, सास मटकनी, राम जी की कृपा से, यशोदा मैया, मेरा रंग दे बसंती चोला, मेरा नौ डांडी का बीजना आदि गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि शिक्षाविद वेद प्रकाश पांचाल ने कहा कि शिक्षा हमारी सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके बिना मानव जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा ग्रामीण अंचल में आज भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कमी है। इसमें सुधार के प्रयास करने होंगे। विशिष्ट अतिथि साहब सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी राष्ट्र उन्नत नही कर सकता। शिक्षा के साथ युवा पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने की भी जरूरत है।
प्रधानाचार्य सुशील चौधरी ने अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। भजनोपदशक सहदेव सिंह बेधड़क ने समाज सुधार, देशभक्ति और हास्य से ओतप्रोत भजन गाकर समा बांधा। इस अवसर पर प्रतिभाओं को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य रणवीर सिंह, संचालन अरुण मलिक ने किया। नसीम प्रमुख, भोपाल सिंह राणा, वीर सिंह प्रधान, आनंदपाल राणा, बच्चू सिंह, ब्रजमोहन शर्मा, डूंगर सिंह, राजीव चौधरी आदि मौजूद रहे।