बिनौली (बागपत)
दादरी गांव के जंगल में स्थित मलकपुर शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली और इंडेंट न आने सहित कई समस्याओं को लेकर मंगलवार को किसानों ने हंगामा प्रदर्शन किया। समस्याओं का जल्द ही समाधान न होने पर उन्होंने मेरठ बड़ौत मार्ग जाम कर आंदोलन छेड़ने की भी चेतावनी दी है।
दादरी गांव के गन्ना किसान अपनी भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर क्रय केंद्र पर पहुँचे जहाँ पर किसान कमल को अपनी तौल में घटतौली की आशंका हुई तो उसने अपनी गन्ने से भरी बुग्गी को धर्म कांटे पर तुलवाया तो उसे क्रय केंद्र की तौल में पांच प्रतिशत की घटतौली मिली, जिस पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और किसानों ने तौल लिपिक स्वराज को खरीखोटी सुनाई और तौल कार्य बंद कराकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने कहा तौल लिपिक कभी भी क्रय केंद्र पर समय पर नहीं पहुँचता है, इंडेंट कम आता है, किसी भी मिल अधिकारी ने कभी भी यहाँ आकर क्रय केंद्र की जांच नहीं की आदि समस्याएं बताईं। किसानों ने कहा यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नही हुआ तो वे मजबूर होकर मेरठ बड़ौत मार्ग को जाम कर आंदोलन छेड़ेंगे। प्रदर्शन में गजेंद्र, राजेंद्र, हरेंद्र, शिवकुमार, ओमपाल सिंह, मदन, रामौतार, संजय, प्रमोद, देवदत्त आदि रहे।