दाहा/दोघट (बागपत)।
दाहा गांव के जंगल में तारों से चिंगारी गिरने से किसान की चार बीघा गन्ने की फसल जल गई। इससे नाराज किसानों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की।
गांव निवासी किसान मनोज के खेतों के ऊपर से होकर गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के तारों से चिंगारी गिरने से गन्ने की फसल में आग लग गई। खेतों में कार्य कर रहे किसानों ने गांव में सूचना देकर अन्य किसानों को बुलाया और दाहा बिजलीघर पर सूचना देकर विद्युत सप्लाई बंद कराई। किसानों ने मिट्टी पानी डालकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक चार बीघा फसल जल चुकी थी। किसानों का आरोप था कि तार काफी ढीले हैं और ट्रांसफार्मर की खूंटी पर लगे तारों से भी आये दिन चिंगारी गिरती रहती है। इसकी कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। पीड़ित किसान ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ दोघट थाने पर तहरीर दी है। किसानों ने चेतावनी दी की यदि किसान को जली फसल का मुआवजा न दिलवाया गया तो ऊर्जा निगम के खिलाफ धरना शुरू कर देंगे। इस मौके पर मनोज, शिवचरण, भोपाल, राजपाल, राकेश, देवेंद्र, शशी कांत, दुष्यंत, प्रशांत आदि मौजूद थे।