बागपत। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर की कई दुकानों पर छापामारी की। तीन दुकानों से कुट्टू के आटा समेत तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अभियान के दौरान कई दुकानें बंद हो गई।
नवरात्र पर्व के मद्देनजर कोई दुकानदार मिलावटी सामान न बेच पाए। इसको लेकर अफसर चेकिंग अभियान पर निकलें। दो साल पूर्व कुट्टू का आटा खाने से कई लोग बीमार हो गए थे। इसी को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बागपत की कई दुकानों में छापामारी की। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार तो अपनी दुकान बंद करके इधर-उधर चले गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी चितरंजन का कहना है कि तीन दुकानों से कुट्टू, सिंघाड़े के आटा व रिफाइंड का सैंपल लिया गया है। इनको जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उधर, त्योहार नजदीक आते ही मावा व मिठाइयों में बड़े स्तर पर मिलावट का खेल होता है। इसका कई बार खुलासा हो चुका है। दर्जनों मिलावटखोरों पर मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनसे जुर्माना भी वसूला जा चुका है।