बागपत। जनपद के ईंट भट्ठा मालिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा।
बागपत ईंट निर्माता समिति के बैनर तले जिले के ईंट भट्ठा मालिकों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया बिक्री कर और व्यापार कर समाधान योजना सीजन वर्ष 1988-89 से 2016-17 तक प्रभावी रही है। भट्ठों पर समाधान योजना लागू नहीं करने के कारण सरकार को राजस्व आधा हो गया है। इससे अपीलीय वादों की संख्या बहुत अधिक हो गई है। उन्होंने कहा 75 लाख तक के टर्नओवर पर स्वत: समाधान योजना प्रभावी रहने का प्रावधान किया है, इसे बढ़ाकर दो करोड़ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा भट्ठा उद्योग ग्रामीण प्रकृति का सीजनल व्यापार है, इसलिए प्रति माह तीन और वार्षिक रिटर्न सहित वर्ष में 37 रिटर्न दाखिल करना बहुत मुश्किल और पीड़ा दायी है। भट्ठा मालिकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर समाधान योजना लागू कराने की मांग की। इसमें समिति के जिलाध्यक्ष विक्रम राणा, दिनेश, रमेश चंद्र, बसंत कुमार, कृष्णपाल सिंह, महीपाल सिंह, शशी गोयल मौजूद रहे।