खेड़की के लोगों का तहसील दिवस में हंगामा
बागपत। खेड़की के लोगों ने मंगलवार को तहसील दिवस में हंगामा किया। उनका कहना है कि तालाब की गंदगी और इसके ओवर फ्लो होने से जीना दुश्वार हो गया है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
मंगलवार को सरूरपुर खेड़की गांव के दर्जनों लोग बागपत तहसील पहुंचे। उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र सौंपते हुए अवगत कराया कि बारिश के कारण तालाब पूरा भरा हुआ है। जल निकासी न होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया है। गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। रास्तों पर पानी भरा होने के कारण आने-जाने में परेशानी हो रही है। गांव में जल निकासी की समस्या सबसे गंभीर है। वहीं, शिकोहपुर मार्ग पर हाईटेंशन की लाइन लटकी हुई है, कभी भी हादसा हो सकता है। कई बार तार टूटकर गिर चुके हैं। गांव में एक खंभा गिरने के कगार पर है। कई बार विद्युत निगम को इसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने डीएम से समस्याओं के समाधान की मांग की है। इस दौरान राधाकृष्ण शर्मा, बालकिशन, महेंद्र सिंह, शांति, सहीराम, श्यामो, प्रेमचंद मौजूद रहे।