बागपत। यूपी बोर्ड की 12वीं कक्षा के नतीजों के बाद अब डिग्री कॉलेजों में प्रवेश को लेकर मारामारी का माहौल रहेगा। जिले के 12 हजार 652 छात्र-छात्राओं ने इंटर की परीक्षा पास की है, लेकिन जिले में सीटों की संख्या कम है। ऐसे में एडमिशन को लेकर एक अनार सौ बीमार जैसे हालात बनेंगे।
यूपी बोर्ड ने नतीजे घोषित कर दिए हैं। जिले के 15 हजार 854 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 15 हजार 284 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 12 हजार 652 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। मगर, जिले में एडमिशन के लिए सरकारी, निजी कॉलेज और प्रोफेशनल कोर्स में सीटों की संख्या सिर्फ छह हजार के करीब है। ऐसे में सवाल एडमिशन को लेकर उठ रहा है। आखिरकार छात्र-छात्राओं का एडमिशन कैसे होगा।
कोरोना भी खड़ी करेगा मुश्किल
बागपत। कोरोना संक्रमण के कारण छात्र-छात्राएं इस बार दिल्ली, मेरठ, सोनीपत और गाजियाबाद में प्रवेश लेने से तौबा करेंगे। ऐसे में जिले में और अधिक मुश्किल हालात खड़े हो जाएंगे।
मनपसंद कोर्स की राह होगी मुश्किल
बागपत। मनपसंद कोर्स में एडमिशन की राह और अधिक मुश्किल हो जाएगी। क्योंकि जिले में साइंस वर्ग की सीटें भी कम हैं।
करनी पड़ेगी प्राइवेट पढ़ाई
बागपत। एडमिशन नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को प्राइवेट पढ़ाई करने पड़ेगी। इसके अलावा प्रोफेशनल और दूरस्थ शिक्षा का विकल्प भी खुला है।
सीबीएसई का रिजल्ट आना बाकी
बागपत। अभी केवल यूपी बोर्ड का रिजल्ट आया है। सीबीएसई का रिजल्ट आने के बाद चुनौती और अधिक बड़ी हो जाएगी।