बागपत। शहर के एक मोहल्ले में शोहदों से परेशान एलएलबी की छात्रा पढ़ाई और घर छोड़ने को मजबूर हो गई है। छात्रा ने कहा दो माह से मनचले कॉलेज आते-जाते समय छेड़छाड़ करते हैं। छात्रा ने कहा यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह घर छोड़कर चली जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही है। उसके पड़ोस के दो युवक उस पर गलत निगाह रखते हैं। कॉलेज में आते जाते समय उससे छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। नौ अप्रैल को भी जब वह कॉलेज से घर लौट रही थी तो आरोपियों ने उससे छेड़छाड़ की। उसे तेजाब से जलाने की धमकी दी। उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। छात्रा ने कहा यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह घर छोड़कर कहीं चली जाएगी। सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज होगा।