बागपत। परिषदीय विद्यालयों में %शारदा’ स्कूल हर दिन आए कार्यक्रम के तहत शिक्षा को मजबूत किया जाएगा। स्कूलों में छात्र-छात्राएं पंजीकृत तो हैं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचते हैं, ऐसे बच्चों को कार्यक्रम के तहत उपस्थिति बढ़ाई जाएगी। उन बच्चों को भी चिन्हित किया जाएगा, जो स्कूल नहीं आते हैं।
जिले में 674 परिषदीय विद्यालय है। करीब 67 हजार बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन आधे भी स्कूल में नहीं पहुंचते हैं। ऐसे भी बच्चे हैं, जो मदरसों के अलावा अन्य कोई पढ़ाई नहीं कर रहे हैं। शासन ने पंजीकृत बच्चों को नियमित पढ़ाई कराने, निरंतर अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को उपस्थिति बढ़ाने के लिए %शारदा’ स्कूल हर दिन आए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी। इसके लिए राज्य स्तर से नामित गुरमिंद्र सिंह को प्रशिक्षण के लिए भेजा है।
सोमवार को गुरमिंद्र सिंह ने बीआरसी में एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत छह से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी आउट ऑफ स्कूल बच्चे लक्ष्य समूह हैं। ऐसे बच्चे जिनका विद्यालय में कभी भी नामांकन नहीं किया हो। पूर्व में नामांकन है, लेकिन किन्हीं कारणवश पढ़ना छोड़ दिया, ऐसे बच्चे जो 45 दिन तक स्कूल में उपस्थित नहीं हो सके, इनके लिए पंजीकरण एवं नामांकन का कार्य दो चरण में होगा। प्रथम चरण में पंजीकरण 30 मार्च तक होगा। सभी बच्चों को विद्यालय में प्रवेश एक अप्रैल से शुरू कर 20 अप्रैल तक पूर्ण होगा। द्वितीय चरण में बच्चों का पंजीकरण 21 अप्रैल से 30 जून तक होगा। सभी को विद्यालय में प्रवेश एक जुलाई से 20 जुलाई तक पूरा होगा। बीईओ विनोद वर्मा, सतीश शर्मा, रंजन कुमार, अजय गुप्ता, ब्लॉक सह समन्वयक अशोक अंतिल, महेंद्र सिंह, मनोज कौशिक, प्रहलाद, सुधीर वशिष्ठ, अमित गोयल, सुनील कुमार, कुलभूषण, सूरज खोखर आदि मौजूद रहे।