‘केदारनाथ’ फिल्म पर रोक लगाने की मांग
बड़ौत। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता शुक्रवार को तहसील पहुंचे और प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने ‘केदारनाथ’ फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
मंच के युवा जिलाध्यक्ष अंकित बड़ौली के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि केदारनाथ फिल्म केदारनाथ धाम में 2013 में आई दैवीय त्रासदी की पृष्ठभूमि पर बनाई गई है। इस पृष्ठभूमि में अनेक आपत्तिजनक दृश्य और संवादों को फिल्माया गया है। वहीं 2000 वर्ष पुराने हिंदू तीर्थ में एक मुस्लिम युवक को नमाज पढ़ते दिखाया गया है। यह हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है। ऐसी फिल्म पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उन्होने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को ज्ञापन देकर अपनी मांग दोहराई। इस अवसर पर दीपक बामनौली, मुनेश कुमार, जयकुमार तोमर, सुनील मान, श्योबीर सिंह, विशाल गिरी, नितिन जैन आदि शामिल रहे।