दिल्ली की धर्मसभा से पहले बागपत में ठहरेंगे चार जिलों के कार्यकर्ता
बागपत। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान पर धर्मसभा की तैयारियों में जुटे हैं। इसके लिए नौ दिसंबर को जिले से बसों और गाड़ियों में लोग रवाना होंगे। शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और बागपत के कार्यकर्ता धर्मसभा में जाने से पहले डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट स्थित आश्रम पर ठहरेंगे और यहां से भोजन के बाद काफिले के रूप में दिल्ली के लिए रवाना होंगे। विहिप कार्यकर्ता धर्मसभा के लिए 20 रुपये से रजिस्ट्रेशन भी कर रहे हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के आसपास के इलाकों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली में जुटाने की तैयारी है। गुपचुप तरीके से बैठकें की जा रही है।
लोकसभा चुनाव से पहले अयोध्या में श्रीराम मंदिर मुद्दा बनने लगा है। पिछले महीने ही अयोध्या में पूर्वांचल के जिलों के लोगों को जुटाकर विहिप ताकत दिखा चुका है। पश्चिम यूपी, हरियाणा, दिल्ली के लोगों को एकजुट कर नौ दिसंबर को दिल्ली में श्रीराम का जयघोष किया जाएगा। राजधानी दिल्ली और इसके करीब दो सौ किमी के एरिया के लोगों को एकजुट करने बड़ी धर्मसभा करने की तैयारी चल रही है। विहिप, आरएसएस ने इसके लिए कार्यकर्ताओं की टीम मैदान में उतार दी हैं। बीस रुपये से रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन के बाद लोगों को धर्मसभा का आमंत्रण दिया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की टीम गांव दर गांव लोगों को अभियान से जोड़ रही है। बसों की संख्या तय की जा रही है और निजी वाहनों से भी लोग दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बागपत को प्रखंड़ों में बांटा गया है।
-----------------------
इनसेट
एक हजार कार्यकर्ता कर रहे संपर्क, खुफिया विभाग अलर्ट
बागपत। बजरंग दल, विहिप और आरएसएस की बढ़ती सक्रियता के बाद खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। हिंदू संगठनों की गोपनीय बैठकों की जानकारियां जुटाई जा रही है। करीब एक हजार कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर रहे हैं।
-----------------------
बागपत से 10 हजार लोगों का लक्ष्य
बागपत। बागपत से धर्मसभा में 10 हजार लोगों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। बागपत को छह खंड और दो नगर में बांटकर जनसंपर्क किया जा रहा है और बीस रुपये से रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। आरएसएस के जिला प्रचारक विकास माजरा का कहना है कि 10 हजार से अधिक लोग बागपत से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
-----------------------
भैया दास महाराज के आश्रम पर बनेगा काफिला
बागपत। डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट स्थित भैयादास महाराज के आश्रम पर चार जिलों के कार्यकर्ता ठहरेंगे और यहां से भोजन के बाद काफिले के रूप में दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
-----------------------