बागपत। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने आखिरकार जिलाध्यक्ष पद पर फेरबदल कर दिया है। लंबे समय से चली आ रही चर्चाओं के बीच संजय खोखर को हटाकर छपरौली विधानसभा से चुनाव लड़ चुके वेदपाल उपाध्याय को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने गैरजाट की ताजपोशी कर अन्य बिरादरियों के वोटरों को साधने की कोशिश की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर बदलाव की चर्चा लंबे समय से चली आ रही थी। विधानसभा चुनाव 2017 के बाद से ही जिलाध्यक्ष संजय खोखर को हटाए जाने की चर्चा कई बार हुई, लेकिन बदलाव नहीं किया गया। भाजपा में अंदरुनी खेमेबंदी के बीच जिलाध्यक्ष पद को लेकर भी खींचतान चली आ रही थी। बड़ौत पालिकाध्यक्ष, छपरौली चेयरमैन, छपरौली, बड़ौत और बागपत विधायक के अलावा सांसद एवं केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री भी जाट बिरादरी से हैँ, जिसके चलते भाजपा ने जिलाध्यक्ष पद पर गैरजाट की ताजपोशी कर अन्य बिरादरियों को साधने का प्रयास किया है। वेदपाल उपाध्याय पुराने समय से भाजपा से जुड़े हुए हैँ और छपरौली विधानसभा सीट से साल 2012 में चुनाव भी लड़ चुुके हैं। नई ताजपोशी के बाद से ही सोशल मीडिया पर भाजपाईयों के बीच प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने नए नामों का एलान किया है।