बड़ौत (बागपत)। लुहारी गांव के ग्रामीणों ने ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचकर गांव में तैनात जल निगम के जेई के खिलाफ प्रदर्शन किया और जेई पर एस्टीमेट बनाने में आनाकानी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर ब्लाक मुख्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
प्रधान सुधीर के नेतृत्व मेेें काफी संख्या में ग्रामीण ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रधानी के चुनाव संपन्न हुए ढाई साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विभागीय अफसरों व जेई की लापरवाही से विकास कार्य ठप पड़े हैं। प्रधान सुधीर ने बताया कि गांव मेें तैनात जल निगम के जेई विकास कार्यों के लिए बनने वाले एस्टीमेट बनाने मेें आनाकानी करते हैं, जिस कारण खाते में लाखों रुपये की धनराशि होने के बावजूद विकास कार्य नहीं हो रहे हैं, इससे ग्रामीणों में आक्रोश पनपता जा रहा है। उन्होंने बीडीओ प्रेमचंद से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। बीडीओ प्रेमचंद का कहना था कि विकास कार्यों मेें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन मेें पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुधीर दांगी, महेंद्र, राजीव, सुरेंद्र, धर्मवीर, आकाश, दिनेश, आशीष, महावीर आदि रहे। इस संबंध में जेई सोमपाल से बातचीत करने का प्रयास किया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला, इस कारण उनसे बातचीत नहीं हो सकी।