बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन पॉलीटेक्निक में स्व वित्त पोषित योजना एवं द्वितीय पाली में संपादित किए जाने वाले कार्यों के लिए तय किए मानदेय के विरोध में कर्मचारियों का बुधवार को भी असहयोग आंदोलन जारी रहा। शिक्षकों ने शिक्षण सत्र का भी बहिष्कार किया।
कर्मचारियों का कहना था कि स्व वित्त पोषित एवं द्वितीय पाली में कार्य करने की एवज मेें जो मानदेय निर्धारित होना बताया गया है, वह बहुत कम है। इस संबंध में पहले ही विरोध जता चुके हैं। संघ के सचिव दिनेश शर्मा ने तय मानदेय को अस्वीकार करते हुए सभी कर्मचारियों को एकजुट होने का भी आह्वान किया। कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी। इसके अलावा शिक्षकों ने नए शिक्षा सत्र का बहिष्कार भी किया। जिस कारण कॉलेज में पढ़ने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उधर प्रधानाचार्य राजेश कुमार जैन का कहना था कि जो मानदेय परिषद / सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है, वह दिया जाना संभव होगा। यदि किसी कर्मचारी ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर रणजंय लांबा, दीपक गौतम, एसके भाटी, डीके गुप्ता, योगेश जैन, डा. अखिलेश, मुकेश कुमार आदि शामिल रहे।