बड़ौत (बागपत)। गांधी रोड स्थित विवादित गेट संदिग्ध परिस्थितियों में टूटने को लेकर दिगंबर जैन समाज के लोगों ने आक्रोश उत्पन्न हो गया। वे कोतवाली पहुंचे और उन्होंने दिगंबर जैन कॉलेज की प्रबंध समिति व प्राचार्य पर गेट तोड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने धारा 427 में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिगंबर जैन समाज समिति व कॉलेज प्रबंध समिति के बीच गांधी रोड स्थित गेट का विवाद चल रहा है। इस गेट के निर्माण को एसडीएम ने अवैध बताया था। मंगलवार की रात्रि इसे गिरा दिया गया। इसे लेकर समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और कोतवाली पहुंचे और गेट गिराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य व प्रबंध समिति के लोगों पर गेट गिराने का आरोप लगाया। इस मामले में समाज के मंत्री अतुल जैन ने तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली में सतीश चंद जैन, धरेंद्र जैन, प्रवीण जैन, प्रदीप जैन, राकेश जैन, पंकज जैन, सुखपाल, अरिदमन आदि शामिल रहे। उधर प्राचार्य डा. वीरेंद्र सिंह का कहना था कि इस गेट को स्वयं समाज के लोगों ने तोड़ा है और उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।