बड़ौत (बागपत)।
जल भराव की समस्या के विरोध में दूसरे दिन भी बुधवार मंगलवार को कोताना रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को काफी संख्या मेें कर्मचारी कार्यालय पर तैनात बाबू जितेंद्र के नेतृत्व में कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और नगरपालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा सिंचाई विभाग कार्यालय के सामने बसी कालोनी का गंदा पानी कार्यालय में घुस रहा है, क्योंकि कॉलोनी में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है, इसलिए कॉलोनिवासियों ने अपने घरों का गंदे पानी का बहाव कार्यालय की ओर कर दिया है। इस कारण कार्यालय में जल भराव की समस्या पैदा हो रही है। जलभराव के कारण कार्यालय पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालय मेें आने व जाने में परेशानी होती है। उन्होंने जलभराव के चलते बनी गंदगी के कारण संक्रामक रोग फैलने की आशंका जताते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। बाबू जितेंद्र कुमार ने बताया कि समस्या के निस्तारण को लेकर कई बार पालिका को पत्र लिखा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उधर, एसडीओ सिंचाई विभाग अमित चौधरी ने कहा इस संबंध में पालिका चेयरमैन अमित राणा को पत्र लिखा है। प्रदर्शन में डीआरओ सुखपाल, जिलेदार वीरेंद्र सिंह, जितेंद्र, मनीष तोमर, विवेक तोमर, अरविंद, विनोद, प्रेम आदि रहे।