अमीनगर सराय (बागपत)। बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर कैडवा गांव के पास भैंसा-बुग्गी और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उसके पुत्र और पुत्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया।
मुजफ्फरनगर जनपद के हबीबपुर गांव निवासी इरशाद पुत्र बंदा बागपत जनपद के डगरपुर गांव में ईंट भट्ठे पर काम करता है। बृहस्पतिवार की दोपहर वह अपने बेटे अब्दुल रहमान और बेटी सोनम के साथ बाइक पर सवार होकर भट्ठे पर जा रहा था। जब वे अमीनगर सराय-बड़ौत मार्ग पर कैडवा गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रही भैंसा बुग्गी से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में इरशाद (55) की मौके पर ही मौत हो गई और उसके बेटा अब्दुल रहमान और बेटी सोनम घायल हो गए। सूचना पर सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।