दोघट (बागपत)।
झूंडपुर में शिक्षक की चोरी हुई रिवाल्वर को पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर पाई है। बड़ौत सीओ रामानंद कुशवाह ने गांव पहुंचकर मामले में लोगों से पूछताछ की। उधर, शिक्षक ने एसपी से मिलकर रिवाल्वर बरामदगी की मांग रखी।
झूंडपुर गांव निवासी शिक्षक सुनील के घर से 11 दिन पूर्व लाइसेंसी रिवाल्वर और 50 हजार रुपये की नगदी चोरी हो गई । इस मामले में अज्ञात के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई । इसको लेकर गांव में दो बार पंचायत भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक लाइसेंसी रिवाल्वर नहीं मिली। शिक्षक ने बताया कि पुलिस मामले में सही कार्रवाई नहीं कर रही है। रिवाल्वर गांव में ही है। कुछ लोग उन पर फैसला करने का भी दबाव बना रहे हैं। इसको लेकर बृहस्पतिवार को बड़ौत सीओ रामानंद कुशवाह गांव पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि शीघ्र ही रिवाल्वर को बरामद कर लिया जाएगा।