बड़ौत (बागपत)।
तालाब की खुदाई की मांग को लेकर दूसरे दिन भी बुधवार को हसनपुर जिवानी गांव के ग्रामीणों ने ब्लाक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बीडीओ ने न मिलने पर उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर ब्लाक मुख्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
आंदोलनकारियों ने कहा गांव की आबादी के बीच स्थित तालाब की खुदाई और उस पर हुए अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को जल भराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। हल्की बरसात में भी गांव की गलियों मेें एक से दो फुट तक गंदा पानी भर जाता है। इस दौरान ग्रामीणों के साथ आए आपकी अपनी समिति के सदस्य प्रभात तोमर पुत्र ऋषिपाल निवासी हसनपुर जिवानी ने बताया कि तालाब की खुदाई के लिए प्रदेश सरकार से 20 लाख रुपये भी आए हैं, लेकिन इसके बाद भी तालाब की खुदाई नहीं की जा रही है। बीडीओ प्रेमचंद्र ने कहा वे छपरौली ब्लाक पर मनरेगा योजना की कार्यशाला में थे। गांव में सचिव को भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। प्रदर्शन में प्रभात तोमर, सुमित, सौरभ तोमर, बंटी तोमर, शाहरुख, साहिर, मोहिन, कुलदीप तोमर, शौकत, प्रदीप आदि रहे।