बड़ौत (बागपत)।
नगर के मुख्य शिकायत केंद्र में तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं की मिलीभगत के चलते विद्युत निगम को हर माह लाखों का चूना लगा रहे हैं, क्योंकि कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं की मिलीभगत से एक नहीं दो नहीं ब्लकि सैकड़ों ऐसे बकाएदारों को विद्युत कनेक्शन दे डाले, जो वर्षों से निगम का हजारों रुपये दबाएं बैठे हैं। बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान इसका खुलासा हुआ है। उधर मामला सामने आते विद्युत निगम के कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
एसई रामबीर सिंह के निर्देशन पर बुधवार को जैसे ही नव नियुक्ति जेई विनय कुमार शर्मा ने मुख्य शिकायत केंद्र में तैनात कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर दिल्ली बस स्टैंड सहित कोताना रोड, पठान कोठ, बावली रोड, बिनौली रोड व मुख्य बाजार मेें राजस्व वसूली को लेकर चेकिंग अभियान चलाया तो कई जगहों पर बड़े बकाएदारों के यहां पर नया विद्युत कनेक्शन मिला। पूछताछ में उपभोक्ता भी सही ढंग से जवाब नहीं दे पाया। टीम के अनुसार एक नहीं दो नहीं ब्लकि सैकड़ों उपभोक्ता ऐसे है जो वर्षों से विभाग का हजारों रुपये का बिल दबाएं बैठे हैं और उन्हें नए विद्युत कनेक्शन जारी किए। एसडीओ चैन सिंह और अवर अभियंता विनय कुमार शर्मा ने बताया कि बडे़ बकाएदारों को नए कनेक्शन देने का मामला सामने आया है, इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। जेई टाऊन इंद्रपाल ने कहा किसी भी कीमत पर निगम का नुकसान बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जांच के बाद दोषी कर्मचारी के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।