दोघट (बागपत)। झारखंड के रांची में हुई रूरल गेम्स नेशनल फेडरेशन कप 2017 में निरपुड़ा गांव के खिलाड़ियों ने कुश्ती और दौड़ प्रतियोगिता में चार गोल्ड और तीन कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रांची में 25 से 26 दिसंबर 2017 तक हुई रूरल गेम्स नेशनल फेडरेशन कप 2017 में निरपुड़ा गांव के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। कुश्ती प्रतियोगिता में गांव के विनीत राणा उर्फ भूरा ने 84 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल, सुनील राणा उर्फ मोनू ने 61 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पद, शुभम राणा ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। इसमें बिरेंद्र राणा उर्फ भीम ने तीन किमी दौड़ में गोल्ड मेडल, अखिलेश कुमार ने तीन किमी दौड़ में कांस्य पदक, विनीत राणा ने पांच किमी दौड़ में कांस्य पदक, मोहित उर्फ मोनू ने पांच किमी दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर बागपत जनपद का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को सभी खिलाड़ियों का गांव लौटने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। इसमें पूर्व प्रधान कृष्णपाल, भीम, चरण सिंह, सतवीर, भरत सिंह, चंद्रपाल, विकास, किरणपाल, संजीव आदि रहे।