बागपत। यमुना में हथनी कुंड बैराज से एक लाख 37 हजार 863 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जलस्तर बढ़ गया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने निकटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी कर गोताखारों की टीमों को तैयार किया।
कुछ दिन पहले यमुना में हथनी कुंड बैराज से 39 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा था। बैराज से बुधवार एक लाख 37 हजार 863 क्यूसेक पानी छोड़ा। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ेगा। प्रशासन ने यमुना के निकटवती गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया। सभी अधिकारियों को गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों से सचेत रहने के निर्देश डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने दिए है। बाढ़ कंट्रोल रूम प्रभारी बाबी कुमार के अनुसार यमुना नदी में जो पानी छोड़ा है वह बृहस्पतिवार की दोपहर तीन-चार बजे तक पहुंच जाएगा। इससे पहले हर रोज यमुना मेें रोजाना करीब पांच सौ से एक हजार क्यूसेक के करीब पानी छोड़ा जा रहा था। सीडीओ चांदनी सिंह ने बताया प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी कर ली। लेखपालों को अलर्ट किया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सूची बनाकर अधिकारियों की तैनाती कर दी । तीनों एसडीएम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी।