गौसपुर में सरकारी जमीन से हटवाया कब्जा, विरोध हंगामा
बागपत। एंटी भूमाफिया टीम ने तहसीलदार बागपत राजबहादुर के नेतृत्व में गौसपुर गांव पहुंचकर कब्जे हटवाए। जहां पर सरकारी जमीन की पैमाइश की गई। जिस पर लोगों ने मकान बनाए हुए थे। यहां टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
तहसीलदार ने पुलिस बल के साथ सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए जेसीबी से मकानों को तुड़वाया। जिसके बाद गांव में तनाव उत्पन्न हो गया। लोगों ने अफसरों के साथ जमकर नोकझोंक की। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। तहसीलदार राजबाहदुर ने कहा सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। दोबारा कब्जा किया तो थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया जाएगा।
हिम्मतपुर सूजती गांव के तालाब पर हो रहे अतिक्रमण पर पहुंची एंटी भू- माफिया टास्क फोर्स टीम ने तालाब का सीमांकन कर इक्कीस मकानों को चिह्नित किया। अतिक्रमण को चिह्नित करने गयी टीम को ग्रामीणों का विरोध भी झेलना पडा। उधर, हिम्मतपुर सूजती गांव के तालाब पर हो रहे अवैध कब्जों को चिह्नित करने एंटी भू- माफिया टास्क फोर्स टीम पहुंची। टीम ने तालाब के चारों तरफ अवैध रूप से कब्जा कर बनाये गए 21 मकानों को चिह्नित कर निशान लगाए। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो टीम का विरोध करने पहुंच गए। जिसे टीम ने समझाकर शांत किया। टीम प्रभारी कानूनगो कृष्णपाल शर्मा ने बताया कि शासन द्वारा चलाए जा रहे तालाबों से अवैध कब्जों पर टीम सूजती गांव पहुंची थी। जहां ग्रामीणों द्वारा बड़ी संख्या किये गए कब्जों को चिह्नित कर निशान लगाए गए हैं। अवैध कब्जों की रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। टीम द्वारा बारिश में गिरे एक मकान की भी जांच की गयी। एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स टीम में सतवीर, सुंदरपाल, बिजेंद्र तोमर, सहेंद्र सिंह आदि लेखपाल मौजूद रहे।