बड़ौत (बागपत)।
विश्व मेें योग व देशी इलाज को लेकर प्रसिद्ध बाबा रामदेव के गुरु भाई योगाचार्य स्वामी डा. कर्मवीर सिंह ने कहा कि योग शरीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे मस्तिष्क अध्यात्म में लगता है, तभी शरीर स्वस्थ होगा। आसनों से पहले योग की जरूरत है। योग जोड़ने का काम करता है। अलगाववाद इसलिए ही बढ़ रहा है कि योग से लोग दूर हो रहे हैं।
वे शुक्रवार को गायत्री देवी कॉलेज में योग शिविर की समाप्ति के बाद कॉलेज निदेशक डा. पुष्पेंद्र तोमर के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की जीवनशैली ही कुछ ऐसी हो गई है कि वह अकेला रहना अधिक पसंद करने लगा है। संयुक्त परिवार इसलिए ही टूट रहे हैं। मानसिक रूप से ठीक होने के लिए योग ही काम आता है। योग व्यक्ति को अध्यात्म की ओर ले जाने का काम करता है। जब मानसिक रूप से व्यक्ति स्थिर होगा, तभी वह दूसरों के काम आएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं भी योग के प्रति जागरूक हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आज गाय माता समाप्ति की ओर है। गाय के मल-मूत्र से अनेकों बीमारियों ठीक की जा सकती है। फसलों में छिड़काव से कीट दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि योग व भोग दो अलग-अलग बातें हैं। योग से मनुष्य स्वस्थ रहता है, लेकिन भोग जैसा होगा, मनुष्य को वैसा ही परिणाम मिलेगा। यदि कर्म ठीक नहीं है तो उसका परिणाम भी बुरा होगा। बुरे कर्मों से ही मनुष्य बीमार होता है। उन्होंने संस्था द्वारा योग के प्रति चलाए जा रहे योग व शिक्षा के क्षेत्र मेें किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और प्रबंधक व भाजपा नेता डा. पुष्पेंद्र तोमर, डा. कपिल तोमर व डा. अजय तोमर को आशीर्वाद दिया।