बिनौली (बागपत)। जौहड़ी में शूटिंग के पहले दिन अभिनेत्री भूमि पेडनेकर की मां सुमित्रा पेडनेकर भी फिल्म के सेट पर मौजूद रही। पहली मार्च को रिलीज होने जा रही भूमि की फिल्म सोन चिड़िया की कामयाबी की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि सोन चिड़िया चंबल पर बनीं फिल्म है और भूमि समेत सभी कलाकारों ने बेहद बढ़िया अभिनय किया है। उम्मीद की जानी चाहिए कि यह एक कामयाब फिल्म होगी। शूटर दादी पर बन रही फिल्म सांड़ की आंख भी मील का पत्थर साबित होने वाली है। शूटर दादी चंद्रो तोमर के परिवार के सदस्य सुमित राठी, विनोद तोमर ने उनका स्वागत किया।
जौहड़ी ने बढ़ाया हौसला, मदद के लिए बढ़ाए हाथ
बिनौली। शूटिंग के पहले दिन जौहड़ी और आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने निर्देशक तुषार हीरानंदानी के अनुरोध पर आसपास के घरों को खाली कर दिया है। छतों पर लोग नहीं पहुंचे। निर्माण से जुड़े लोगों की मदद की। यही नहीं शूटिंग के दौरान जिस चीज की जरूरत पड़ी, वही कलाकारों और निर्माण से जुड़े लोगों को दी गई। खुद शूटर दादियों ने घर आने जाने वाले लोगों की आवभगत की।
गांव में रात बिता सकती हैं हीरोइन
बिनौली। शूटिंग के दौरान किरदारों में ढलने के लिए हीरोइन गांव में ही रात को बिता सकती हैं। मेरठ से आने जाने में समय बर्बाद होने से रोकने के लिए माना जा रहा है कि अभिनेत्री तापसी पन्नू ने यह प्रस्ताव रखा था। इससे अभिनेत्रियों को शूटर दादी के निकट रहने और उनमें ढलने का मौका मिलेगा।