बागपत। शहर में डिवाइडरों की टूटी रेलिंग आए दिन हादसों की वजह बन रही है। वाहन चालक घायल हो रहे हैं, लेकिन सिस्टम की अनदेखी से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि दिन ढलते ही सड़कों पर अंधेरा हो जाता है, यहां रेलिंग दिखाई तक नहीं देती। किसी दिन यह बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
मेरठ रोड के दुकानदार सनी सेठी का कहना है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं। रेलिंग टूटी हुई है। विकास प्राधिकरण, नगर पालिका या लोक निर्माण विभाग किसी का ध्यान नहीं है। वाहन चालकों के लिए रात में यहां खतरा ही खतरा है।
शिवम चौहान का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का तुरंत समाधान कराना चाहिए। दुपहिया वाहन चालक रेलिंग में उलझकर गिर चुके हैं, घायल होते हैं। लेकिन किसी का इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं है।
दुकानदार अतुल गुप्ता का कहना है कि समस्या गंभीर बनीं हुई है। कोर्ट रोड, मेरठ रोड और दिल्ली रोड पर डिवाइडर की रेलिंग टूटकर सड़क पर झुक गई है। यह बेहद खतरनाक है। हादसों को न्योता देती रेलिंग को ठी कराया जाना चाहिए।
चेतन चौहान का कहना है कि लोहे की यह रेलिंग दुपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे ज्यादा खतरे की घंटी है। कई बार यहां लोग घायल हो चुके हैं। समस्या का समाधान होना चाहिए।
क्या है मामला
बागपत। शहर के कोर्ट रोड, मेरठ रोड और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर डिवाइडर की रेलिंग टूटकर सड़कों पर निकल गई है। यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी सड़कों से गुजरते हैं, लेकिन अनदेखी के चलते समस्या नासूर बनती जा रही है।