बड़ौत (बागपत)।
रालोद और सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को शहर में मौन जुलूस निकाली और बुलंदशहर में शहीद हुए इंस्पेक्टर सुबोध सिंह को श्रद्धांजलि दी। साथ ही इंस्पेक्टर के परिवार को दो करोड़ की राशि और इंस्पेक्टर की पत्नी को नौकरी देने की मांग की।
रालोद के नगर अध्यक्ष डॉ. इरफान मलिक के नेतृत्व में रालोद कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव विनोद उपाध्याय ,नूर मलिक, सभासद ललित जैन नगर की फूस वाली मस्जिद पर एकत्र हुए और बुलंदशहर में शहीद हुए इंस्पेक्टर सुबोध सिंह को श्रद्धांजलि दी और फूस वाली मस्जिद से सब्जी मंडी, नेहरू प्रतिमा, संजय गांधी प्रतिमा, नगर पालिका स्थित मूर्ती पर होते हुए वापस फूूंस वाली मस्जिद तक मौन जुलूस निकालकर श्रद्धांजलि दी ।
इससे पहले कार्यकर्ता नगर सचिव इस्लामुद्दीन अब्बासी के प्रतिष्ठान पर एकत्र हुए और मौन रखकर इंस्पेक्टर सुबोध की आत्मा की शांति की दुआ मांगी। इस मौके पर डॉ. इरफान मलिक ने कहा इंस्पेक्टर सुबोध सिंह ने बलवा करने वालों का सामना किया तो बलवा करने वालों ने उन्हें गोली मार दी। रालोद और सपा घटना की भर्त्सना करती है । सभासद ललित जैन ने कहा सरकार को सुबोध सिंह के परिजनों को कम से कम दो करोड़ रुपये की सहायता राशि और पत्नी को सरकारी नौकरी के साथ साथ परिवार का आजीवन खर्च सरकार को ही उठाना चाहिए । इसमें हाजी जमीरूद्दीन अब्बासी ,समीर हसन, उमर जान, ,प्रमोद विश्वकर्मा ,सभासद जावेद कुरैशी ,इंतजार अलवी, कासिम सरीफ कस्सर, बिलाल अलवी , हारूण मलिक, हाजी इकबाल सैफी, वकील मलिक, इमरान प्रधान आदि रहे।