दोघट (बागपत)। चौगामा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बोपुरा गांव में बारिश के कारण विधवा का मकान भरभरा गिर गया। परिवार ने किसी तरह जान बचाई। वहीं प्राइमरी पाठशाला नंबर दो भड़ल में भी बारिश का पानी घुस गया। विद्यालय का भवन भी जर्जर हाल में है।
चौगामा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मूसलाधार बारिश हुई। क्षेत्र के तमाम गांव में बारिश का पानी गलियों में भर गया। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों को भी कठिनाई उठानी पड़ी। बोपुरा गांव में बारिश के कारण समीम पत्नी स्व. हफीजुद्दीन का मकान भरभरा कर गिर गया। मकान के अंदर बैठे परिवार ने किसी तरह जान बचाई। ग्राम प्रधान साहिन ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।
वहीं बारिश के कारण गन्ने की फसल लेट गई, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई। बारिश से धान की फसल को फायदा हुआ है। वहीं प्राइमरी पाठशाला नंबर दो भड़ल में बारिश का पानी कमरों में घुस गया। जर्जर हो चुकी छत भी टपकने लगी। बारिश के कारण विद्यालय में बच्चों को परेशानी हुई। ग्राम प्रधान देवेंद्र राणा ने बताया कि विद्यालय का भवन भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जिस कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कई बार अधिकारियों को लिखित में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग की।