किसान क्रांति यात्रा 23 सितंबर से हरिद्वार से शुरू होकर दो अक्तूबर को दिल्ली में खत्म होगी
फोटो संख्या 7
अमर उजाला ब्यूरो
बिनौली (बागपत)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि में मनरेगा शीघ्र लागू करे। खेती व किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर किसान क्रांति यात्रा 23 सितंबर से हरिद्वार से शुरू होकर दो अक्तूबर को दिल्ली संसद पर जाकर समाप्त होगी।
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को जिवाना गुलियांन स्थित सिद्धगुरु पीठ नीलकंठ आश्रम ने महाशिवरात्रि पर्व पर पूजा अर्चना व जलाभिषेक करने पहुंचे थे। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे देश के किसानों का पूर्ण कर्जा माफ किया जाना चाहिए। एनजीटी के आदेश पर किसानों के दस साल पुराने ट्रैक्टर चलन से बंद किए जाने के निर्णय को अमल में नहीं लाया जाना चाहिए। आखिर किसान इस ट्रैक्टर को कहां लेकर जाएगा। प्रदेश में विद्युत दरों में सरकार द्वारा की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए क्योंकि कई प्रदेशों में तो किसानों को बिजली मुफ्त दी जा रही है। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को किसान हित में लागू किया जाना चाहिए, जिसमें कृषि लागत का 50 प्रतिशत जोड़कर दिए जाने का प्रावधान है। वैरायटी, वेट व रेट के अनुसार कृषि उत्पाद का मूल्य सीधे किसान के अकाउंट में भेजने की सरकार व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि मनरेगा को कृषि में भी लागू किया जाना चाहिए, जिससे किसानों की आय बढ़ सके। उन्होंने कहा इन मुद्दों को लेकर किसान क्रांति यात्रा 23 सितंबर को हरिद्वार किसान घाट से शुरू होकर दो अक्तूबर को दिल्ली संसद पर जाकर समाप्त होगी, जिसके द्वारा देश के किसानों की आवाज बुलंद की जाएगा।