बड़ौत (बागपत)। जिवाना गांव से सरकारी हैंडपंप उखाड़कर अन्य किसी दूसरे गांव में लगाने के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव जिवाना मेेें बबलू के मकान के पास सरकारी हैंडपंप लगा । गांव के ही राजवीर पुत्र इंद्रपाल ने प्रशासन से उस हैंडपंप को वहां से उखाड़कर अपने मोहल्ले में लगवाने की मांग की तो गांव के प्रधान ने उक्त हैंडपंप को उखड़वाकर दूसरे गांव जिवानी में सावित्री के मकान के पास लगवा दिया, जबकि दोनों गांव के बीच मेें एक गांव करीमपुर भी है। एक गांव से सरकारी हैंडपंप उखाड़कर दूसरे गांव मेें लगाने का कोई नियम नहीं है।
बीडीओ प्रेम चंद ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सचिव सुनीता ने भी मामले की जांच कराने की बात कही। उधर जिवानी गांव के प्रधान बिल्लू ने कहा उनके गांव में सावित्री के घर के आगे नया हैंडपंप लगवाया गया है, जबकि सावित्री का अंत्योदय कार्ड और शौचालय स्वयं उन्होंने बनवाया है। इसमें राजवीर, सुनील, पंकज, संजीव, नरेंद्र आदि रहे।