दोघट (बागपत)। क्षेत्र में 12 घंटे बाद भी बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं होने से भीषण गर्मी में क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ौत से 132 केवीए बिजली घर कान्हड़ में आने वाली लाइन का तार टूटने से विद्युत सप्लाई बाधित हुई है।
बृहस्पतिवार को सुबह के समय 132 केवीए बिजलीघर कान्हड़ की लाइन का तार टूट जाने से बिजली घर से जुड़े क्षेत्र में सप्लाई ठप हो गई। बिजली न आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में लगे इनवर्टर भी ठप हो गए। क्षेत्र के भड़ल, निरपुड़ा, दाहा, दोघट, टीकरी, पुसार, कान्हड़, मौजिजबाद नांगल, इदरीशपुर, बामनौली, मांगरौली, संतनगर, शाहजहांपुर, पलड़ा, पलड़ी, मुलसम, फौजादनगर, मिलाना, खपराना, तवेलागढ़ी, गैडबरा, बोपुरा आदि गांवों में बिजली न आने से पानी का संकट गहरा गया। ग्रामीण पीने के पानी के लिए दिन भर हैंडपंपों पर भटकते रहे। क्षेत्र में अधिकतर हैंडपंप दूषित पानी दे रहे हैं।