बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने खेकड़ा स्टेडियम का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि तीनों मुख्य मार्गों पर पार्किंग बनाने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त रहेेंगे।
सोमवार को डीएम ऋषिरेंद्र कुमार, एसपी जयप्रकाश, एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव, एसडीएम खेकड़ा आशीष कुमार खेकड़ा स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभास्थल के मंच के अलावा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला प्रशासन एक लाख लोगों के जनसभा में पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए अपनी तैयारियां में जुटा है। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर बागपत और खेकड़ा दोनों साइड में पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा मेरठ रोड से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा रहेगी। फिलहाल बड़ी तीन पार्किंग की योजना है। एनएचएआई के अधिकारी एक्सप्रेस-वे पर तेजी से निर्माण में जुटे हैं, यही नहीं एनएचएआई ही मंच और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य कर रही है। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि सुरक्षा के खास बंदोबस्त रहेंगे।