बिजवाड़ा गांव में छह दिन पहले युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में एक युवक को झूठा फंसाने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर में प्रदर्शन किया। एसपी को ज्ञापन देकर मामले में निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने एसपी जयप्रकाश को बताया बिजवाड़ा गांव में आठ अप्रैल की शाम मनोज के सिर में बलकटी मारकर गंभीर घायल कर दिया । इस मामले में राजीव पुत्र जगवीर के खिलाफ तहरीर दी , लेकिन अगले दिन बिनौली थाना पुलिस ने तहरीर बदलवा दी और राजीव, उसके पिता जगवीर व सुनील पुत्र राजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले से सुनील का कोई लेना देना नहीं है। वह तो घटना स्थल पर मौजूद ही नहीं था। आरोपी राजीव ने ही मनोज पर हमला किया। बिनौली पुलिस ने सुनील को मुकदमे में झूठा फंसा दिया । उन्होंने एसपी से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने आश्वासन दिया कि किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा। मामले में सही आरोपी को ही जेल भेजा जाएगा। इनमें राजपाल, वेद सिंह, महावीर, जयपाल, सरदार, मगनवीर, सुरेश पाल, वेदपाल, वीरेंद्र आदि रहे।