बिनौली (बागपत)।
श्री नेहरू स्मारक इंटर कालेज बुढेडा में बृहस्पतिवार वार्षिकोत्सव के मौके पर ‘वर्तमान शिक्षा की दशा व दिशा’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें शिक्षाविदों ने शिक्षा के उन्नयन पर मंथन किया।
कार्यक्रम में छात्रा खामोश, आंचल व अंजलि ने सरस्वती वंदना, शिखा, स्वाती व अनु ने स्वागत गीत, काजल व गुड्डी ने हम है सितारे इस भारत के..., बेबी व तनु ने बहुत प्यारा है हमको अपना वतन..., अक्लीमा व नर्गिस ने तुझ पर ऐ भारत हो जाए कुर्बान..., मोनिका व शिखा ने वतन पे जो वीर हुए फ़िदा... गीत आदि सांस्कृतिक प्रस्तुति से समां बांध दिया। मुख्य अतिथि राजनीतिक विचारक एवं पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ओमवीर तोमर ने कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी राष्ट्र उन्नति नहीं कर सकता। अच्छी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही समाज जागृत व राष्ट्र उन्नत हो सकता है। विशिष्ट अतिथि अर्जुन अवार्डी पहलवान शोकेंद्र तोमर ने कहा वर्तमान में शिक्षा की दशा और दिशा में बदलाव की जरूरत है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मिश्रा ने कहा माध्यमिक विद्यालयों में बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैय्या कराना शासन की प्राथमिकता है। बीएसए योगराज सिंह ने कहा प्राथमिक शिक्षा में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं।
संगोष्ठी में शिक्षक नेता स्वराजपाल सिंह दूहन, सुशील चौधरी, डा. रेखा सिंह, नरेश कुमार शर्मा, डीपी सिंह, ओमवीर तोमर, कोमवीर तोमर, मुकेश वर्मा, डा. राजेंद्र सिंह, कृष्णपाल तंवर आदि शिक्षाविदों ने विचार रखे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्णपाल सिंह ने अतिथियों को शाल, पगड़ी व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित उनका आभार व्यक्त जताया। अध्यक्षता रामपाल धामा, संचालन अरुण मलिक ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रविंद्र कुमार, रमेशचंद यादव, धर्मेंद्र खोखर, देवेंद्र गांवड़ी, लीलू प्रधान, ब्रजपाल सिंह, कृष्णपाल प्रधान, मनोज शर्मा, संदीप कुमार, महराम सिंह आदि मौजूद रहे।