बड़ौत (बागपत)।
उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरवाला में खराब शिक्षा व्यवस्था और नियमित रूप से विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित शिक्षकों के न बैठने के विरोध में सोमवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण एबीएसए से मिले और जांच कर कार्रवाई की मांग की।
बरवाला गांव के ग्राम प्रधान उपेंद्र के नेतृत्व में ग्रामीण सोमवार को एबीएसए विनोद वर्मा से मिले। ग्राम प्रधान ने बताया बरवाला गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बरवाला, बावली आदि सहित दूरदराज गांव के काफी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षण-ग्रहण करते है, लेकिन लगातार शिक्षण कार्य की गुणवत्ता खराब होने व विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक चितरंजन सहित अन्य शिक्षकों के नियमित रूप से विद्यालय से गायब रहने के कारण अधिकांश बच्चे स्कूल छोड़ चुके हैं। फिलहाल करीबन 118 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय में बच्चों के लिए न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही सर्दी के मौसम से ठंड से बचने की। खराब शिक्षा व्यवस्था के कारण बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। दो दिन पहले नाराज ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन भी किया । एबीएसए विनोद वर्मा ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एबीएसए विनोद वर्मा ने कहा शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई होगी। ग्राम प्रधान उपेंद्र ने कहा विद्यालय मेें खराब शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई बार शिक्षा विभाग के अफसरों से शिकायत की, यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन शुरू होगा। इनमें ओमप्रकाश, रघुनाथ, प्रमोद, धर्मवीर, सुरेश, अमरपाल, जोगेंद्र, हरवीर, सुनील आदि रहे।