जेवी कॉलेज के शिक्षकों को दो माह से नहीं मिला वेतन
बड़ौत। जनता वैदिक कालेज बड़ौत के शिक्षकों ने दो माह वेतन नहीं मिलने और अन्य समस्याओं को लेकर तहसील में पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
शिक्षक संघ जनता वैदिक कालेज बड़ौत के अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार के नेतृत्व में काफी संख्या में कालेज के शिक्षक तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन दिया। महाविद्यालय में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है जबकि प्रदेश सरकार ने सितंबर माह के वेतन को 29 सितंबर 2017 से पहले ही वितरण के आदेश दिए थे। महाविद्यालय में दो प्रबंध तंत्रों के आपसी विवाद के चलते यह समस्या आम हो गई है। वेतन की ऐसी स्थिति जुलाई 2017 में भी पैदा हो गई थी, तब भी इसी प्रकार से प्रयास करने पर समस्या का समाधान हो पाया था।
शिक्षकों का कहना है कि महाविद्यालय में प्रबंध तंत्र की वैधता या अवैधता से शिक्षकों का कोई लेना-देना नहीं है। कर्मचारियों को कार्य के बदले अपना वेतन प्राप्त करने का पूर्ण अधिकार है, जो उन्हें मिलना चाहिए। दोनों माह का वेतन अविलंब निर्गत कराया जाए। सभी कर्मचारियों के सामूहिक बीमा योजना की धनराशि की कटौती उनके वेतन से जुलाई माह में की जा चुकी है। लेकिन यह धनराशि बीमा कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई गई। प्रबंधतंत्र ने चैक पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। ऐसी स्थिति में किसी कर्मचारी के साथ दुर्घटना हो जाती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। नवंबर 2017 में विषम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न होनी है। धनाभाव के कारण उक्त परीक्षाएं संपन्न कराया जाना संभव नहीं होगा। इस संबंध में विवि के कुलपति को भी लिखित में दिया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में डॉ. अरूण सोलंकी, डॉ. जोगेंद्र सिंह, डॉ. जयवीर तोमर, फैयाज, योगेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।