बागपत। जिले में 11 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए शासन ने 13 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। यह बजट रालोद के छपरौली से विधायक डॉ. अजय कुमार के प्रस्ताव पर मिला है। इससे क्षेत्र के लोगों को सड़क में गड्ढों से मुक्ति मिलेगी और परेशानी दूर होगी।
जिले की 11 सड़कों में जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र के लोग सड़कों की मरम्मत कराने की मांग करते आ रहे थे, क्योंकि इन मार्गों से 40 से अधिक गांवों के लोग जुड़े हैं। इस समय से किसानों को चीनी मिलों में गन्ना लेकर जाना पड़ता है और गड्ढे होने के कारण सड़क हादसे होने का खतरा रहता था। लोगों की समस्या को देखते हुए रालोद के छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार ने मार्ग की मरम्मत के लिए शासन को पत्र भेजा था।
विधायक के प्रयास के बाद शासन ने 13 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इनमें गोपालपुर खड़ाना से बाबा वनखंडी मंदिर मार्ग के लिए एक करोड़ 40 लाख रुपये, हलालपुर से लुहारा मार्ग निर्माण के लिए 12 लाख रुपये, शेरपुर लुहारा से सिनौली तक एक करोड़ 36 लाख रुपये, बिजवाड़ा से फजलपुर तक एक करोड़ 95 लाख रुपये का बजट जारी हुआ।
इनके अलावा दाहा की पानी टंकी से दाहा-निरपुड़ा मार्ग तक 71 लाख रुपये, कमाला स्वास्थ्य केंद्र से मुकीमपुरा तक के लिए एक करोड़ 62 लाख रुपये, बिजवाड़ा में सड़क निर्माण के लिए 97 लाख रुपये, ककौर-बदरखा मार्ग से हलालपुर-बाछौड़ मार्ग तक दो करोड़ 13 लाख रुपये, शबगा कुटी से बोढ़ापुर मार्ग के लिए एक करोड़ 52 रुपये सहित अन्य मार्गों के लिए बजट जारी किया गया है।
मार्गों की मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। इस मार्ग से 40 से अधिक गांव जुड़े हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि शासन से बजट की स्वीकृति मिल गई और जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।