106 साल की हुई रामकली, परिवार ने गोद में लेकर घुमाया गांव
चांदीनगर (बागपत)। गांव गौणा में 106 साल की बुजुर्ग महिला रामकली का जन्मदिन मनाया गया। परिवार के लोगों ने गोद में लेकर महिला को पूरा गांव घुमाया। इसे लेकर ग्रामीणों के बीच उत्साह दिखा।
भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की औसत उम्र का ग्राफ घटा है। मगर, अभी भी ऐसे लोग हैं, जिन्होंने उम्र का सैकड़ा पार कर लिया। ऐसे ही लोगों में है गौणा गांव की रामकली। 106 बसंत देख चुकी रामकली के सामने परिवार की तीन पीढ़ियां घूम रही है। बुधवार को ग्रामीणों ने उत्साह के साथ उनका जन्म दिन मनाया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें गोद में उठाकर पूरे गांव में भ्रमण कराया और झांकी निकाली। कार्यक्रम के दौरान महंत नित्यानंद पुरी महाराज मौजूद रहे। शिव मंदिर पुरी धाम पर ग्रामीण एकत्र हुए और प्रसाद वितरित किया गया। इसे लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। सबसे ज्यादा युवाओं के बीच खुशी देखी गई। रामकली के पुत्र हरपाल ने कहा की यह उनका सौभाग्य है कि उनकी मां का आशीर्वाद उनके साथ है। इस दौरान हरपाल, भगत, पवन, विक्की, राजा, हरिकिशन, अंकुर मौजूद रहे।