बड़ौत (बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पूरी तरह से गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। आए दिन वाहन चालकों के साथ हादसे होते रहते हैं, लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मार्ग से जुडे़ गांवों के ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश मेें सरकार बनते ही सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों की हालत सुधारने की बात कही थी, लेकिन सीएम के आदेशों के बावजूद न तो अधिकारी अपनी कार्यशैली सुधार रहे हैं और न ही ठेकेदार। हाल ही मेें बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बने गड्ढों को भरने का काम किया गया था, लेकिन एक माह बीतने के साथ ही गड्ढे और गहरे हो गए हैं, जिस कारण आए दिन वाहन चालकों के साथ हादसे होते रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से दर्जनों गांव जुड़ते हैं, जो प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। गड्ढों के कारण उन्हें मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी का कहना था कि वे इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता कर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे। चेतावनी देने वालों मेें मोहित, सन्नी, रवि, गौरव मलिक, रूपेंद्र, कपिल, संदीप शामिल रहे।