दोघट (बागपत)। गोरखपुर में हुई सातवीं नेशनल ब्लाइंड एंड डेफ जूडो चैंपियनशिप में निरपुड़ा गांव के सुधीर राणा ने स्वर्ण पदक जीता। सुधीर ने एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट को हराया। गांव लौटने पर खिलाड़ी कर स्वागत किया जाएगा।
गोरखपुर में मंगलवार को हुई चैंपियनशिप में निरपुड़ा गांव निवासी सुधीर राणा ने सीआरपीएफ की तरफ से भाग लिया। उसने फाइनल मुकाबले में एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता कैप्टन मनोहर को हराकर गोल्ड मेडल जीता। सुधीर ने बताया कि वह सीआरपीएफ में कार्यरत हैं और दिल्ली में तैनात है। उन्होंने छह माह पहले ही जूडो कराटे का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। उनका लक्ष्य ओलंपिक में पदक जीतना है। गांव में खिलाड़ी के घर पर बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने कहा कि वापस लौटने पर सुधीर राणा का स्वागत होगा। इस दौरान महेंद्र सिंह, राज सिंह राणा, मास्टर राजकुमार, चरण सिंह, राजेंद्र राणा, पूर्व प्रधान महीपाल, इकबाल राणा, पप्पू राणा मौजूद रहे।