बड़ौत (बागपत)। मकान की जमीन पर प्रधान द्वारा जबरन कश्यप चौपाल बनवाए जाने के विरोध में मुकंदपुर गांव के ग्रामीणों ने तहसील पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीण तहसील पर पहुंचे और प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि गांव मेें एक प्लाट दादा-परदादा के समय से है। इस प्लाट पर पीड़ित महावीर पुत्र जिले सिंह का कच्चा मकान बना हुआ था, लेकिन वह गिर गया। अब प्रधान जबरन उस जगह पर कश्यप चौपाल बनाने की बात कर रहा है, पहले भी प्रधान कई बीघा जमीन हड़प चुका है, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी व देख लेने की धमकी देता है। उन्होंने एसडीएम आशीष को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। प्रधान धर्मेंद्र ने आरोपों को निराधार बताया। प्रदर्शनकारियों मेें पंकज, रामनिवास, गगन, जयभगवान, सुभाषचंद, गुलाब, संजीव, सुनील आदि शामिल रहे।