बड़ौत (बागपत)। महावतपुर गांव के राशन डीलर की शिकायत की जांच करने के लिए आपूर्ति अधिकारी व नायब तहसीलदार ने गांव में खुली बैठक की और लोगों के ब्यान दर्ज कर स्टॉक रजिस्टर की जांच की। इसी मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने तहसील दिवस मेें प्रदर्शन कर महावतपुर गांव के राशन डीलर अजयपाल की शिकायत डीएम से की थी। डीएम ने नायब तहसीलदार धर्मेंद्र को जांच के आदेश दिए थे। बुधवार को न्याय पंचायत घर मेें खुली बैठक की गई, जिसमें आपूर्ति अधिकारी सूर्य पाठक, राहुल पटेल व नायब तहसीलदार धर्मेंद्र पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों के ब्यान दर्ज किए। लोगों ने राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें राशन नहीं दिया जाता और न ही राशन कार्ड वितरित किए जाते हैं। अधिकारियों ने उर्मिला, रुखसाना, साहीना, शिवानी, शिमला, बबली, लोकेश, जाफरी, गुल बहार, नफीसा, पूनम, नीरज, सुशीला के ब्यान दर्ज किए। नायब तहसीलदार ने बताया कि बयान दर्ज कर लिए हैं और स्टॉक रजिस्टर की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।