गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया तो करेंगे आंदोलन
बडौत। रालोद कार्यकर्ताओं की पट्टी चौधरान में हुई बैठक में सरकार द्वारा गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी न करने पर रोष जताया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
रालोद नगर अध्यक्ष इरफान मलिक के आवास पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसान पहले ही शोषण का शिकार हैं। ऐसे हालात में सरकार ने गन्ना मूल्य न बढ़ाकर उनके साथ ज्यादती की है। जिला प्रभारी नवाब अशरफ अली खान ने कहा कि ये सरकार सिर्फ कुछ पूंजीपतियों को फायदा पहचाने के लिए योजनाएं बनाती है। गरीबों, छोटे व्यापारियों और किसानों की अनदेखी की जा रही है। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह और उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश के अनुसार अगर सरकार किसानों के हितों को देखते हुए गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाती तो रालोद प्रदर्शन कर किसानों के हक की लड़ाई लडे़गा ।
विश्वास चौधरी ने कहा कि सरकार मिल मालिकों के हाथ का खिलौना बन गई है। किसानों के साथ हो रहे अन्याय पर पार्टी हर स्तर पर विरोध करेगी। जल्द ही पार्टी के मुखिया चौधरी अजित सिंह से मिलकर गन्ना मूल्य न बढ़ाने के खिलाफ रणनीति बनाकर प्रदेश में पंचायतें की जाएंगी।
नगर अध्यक्ष डा. इरफान मलिक ने कहा कि देश की जनता सरकार के झूठे वादों से परेशान हो चुकी है और आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। अध्यक्षता हाजी जमीरुद्दीन अब्बाशी ने की और संचालन समीर हसन ने किया। बैठक में प्रदीप तोमर, हाजी शकील अहमद, जावेद कुरैशी, इस्लामुद्दीन अब्बासी, आरिफ कुरैशी, सपन जैन, इंतजार अलवी, इमरान कुरैशी, बिलाल अलवी, इरशाद मलिक, अजीत तोमर, अमित चौधरी आदि मौजूद रहे।