बड़ौत (बागपत)।
बकाया गन्ना भुगतान न होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों के यहां पर ऊर्जा निगम द्वारा चलाएं जा रहे चेकिंग अभियान के विरोध में बृहस्पतिवार को विभिन्न गांवों के काफी संख्या मेें किसान एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों के न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी देकर लौट गया।
बृहस्पतिवार को किशनपुर बिराल, बावली, मलकपुर, कासिमपुर खेड़ी, छछरपुर, सूप आदि गांवों के काफी संख्या में किसान जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान के नेतृत्व में कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान ने कहा क्षेत्र की चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया है। लगातार प्रदर्शन व धरना देने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी किसानों को उनका बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिलवा पाए है। जिस कारण किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। आरोप लगाया कि जहां एक ओर किसान बकाया गन्ना भुगतान न होने से आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, वहीं ऊर्जा निगम के अधिकारी गांवों में चेकिंग अभियान चलाकर किसानों पर विद्युत बिल जमा करने का दबाव बना रहे हैं। बाद मेें अधिकारियों के न मिलने पर वहां से आंदोलन की चेतावनी देकर लौट गए। एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह ने कहा ऊपर से मिले आदेश के बाद राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मांग करने वालों में महेंद्र, बिजेंद्र, रामकिशन, भोपाल, अशोक, ओमप्रकाश, सुधीर, महिपाल, सुरेंद्र, इकबाल, महावीर, जयप्रकाश आदि रहे।