बागपत। सपा के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि कहा कि भाजपा की पोल खोलने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में ‘सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ साइकिल यात्रा’ निकाली जा रही है। जिले 21 सितंबर को बालैनी से शुभारंभ होगा और 22 को गाजियाबाद के लिए यात्रा रवाना होगी।
सपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा ने ढेरों वायदे किए, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। जनता परेशान आ चुकी है। जमीन स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने बताया ‘सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ साइकिल यात्रा’ पश्चिम यूपी में पार्टी नेता अतुल प्रधान के नेतृत्व में निकाली जा रही है। 21 सितंबर को बालैनी हिंडन पुल पर यात्रा का हजारों की संख्या में कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। जनपद से 500 से अधिक कार्यकर्ता साइकिल यात्रा में साइकिल लेकर शामिल होंगे। यात्रा का हर गांव और शहरों में स्वागत होगा। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को सुबह राष्ट्रवंदना चौक पर कार्यकर्ता एकत्र होंगे। यहां से गाजियाबाद के लिए यात्रा रवाना होगी। 23 सितंबर को दिल्ली में जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव यात्रा का समापन करेंगे। प्रदेश में गठबंधन जारी रहेगा, गठबंधन भाजपा के विजयी रथ को रोकने का काम करेगा। भाजपा जनता से किए वायदों को भूल चुकी है और आगामी चुनाव की तैयारी में जुट गई है। धरातल पर हकीकत में विकास की परिभाषा अखिलेश यादव ने दिखाई थी। छपरौली पुल का दोबारा से शिलान्यास कर जनता को बहकाया जा रहा है। डॉ. शकील अहमद, सुरेंद्र पंवार, राजीव प्रधान मौजूद रहे। सपा नेता बिल्लू प्रधान ने भी अपने कार्यालय पर साइकिल रैली की जानकारी दी।