डीएलएड, बीटीसी संस्कृत की परीक्षा हुई निरस्त
बड़ौत (बागपत)। आखिरकार डीएलएड, बीटीसी संस्कृत की परीक्षा निरस्त हो ही गई। परीक्षा निरस्त होने की सूचना पर छात्रों मेें खुशी की लहर दौड़ गई। परीक्षार्थियों ने इस विषय की परीक्षा को आउट आफ सेलेबस बताकर इसे निरस्त करने की मांग की थी।
बता दें कि गत चार मई को छात्र नेता अक्षय मलिक के नेतृत्व मेें काफी संख्या में छात्र-छात्राओं ने डायट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान छात्रनेता अक्षय मलिक ने बताया कि बीटीसी बैंच 2013, सेवारत(मृतकाश्रित) 2014, 2015 के अवशेष/ अनुत्तीर्ण एवं डीएलएड बैंच 2017 की संस्थागत परीक्षा के अंतिम दिन द्वितीय पाली में संस्कृत विषय की परीक्षा हुई थी। परीक्षार्थियों ने इसे आउट आफ सेलेबस बताया था। पहले उन्होंने कक्ष निरीक्षकों के समक्ष अपनी आपत्ति उठाई थी। इसके बाद उन्होंने डायट कार्यालय पर प्रदर्शन किया था।
अमर उजाला ने भी इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब परीक्षा निरस्त होने पर छात्र नेता अक्षय मलिक सहित अन्य ने खुशी जाहिर की है। इसके अलावा दुष्यंत तोमर, बंसत तोमर, आकाश, संजीव, रवि, राहुल, प्रियवत, नितिन, आकाश, अनिल सहित अन्य ने खुशी जाहिर की।